Connect with us

नई दिल्ली

अल्मोड़ा के देघाट में ततैय्यों के हमले से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, पत्नी गंभीर घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के गोलना गांव में ततैय्यों के झुंड ने पति-पत्नी पर किया जानलेवा हमला। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत, गांव में दहशत का माहौल।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के देघाट क्षेत्र अंतर्गत गोलना गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां ततैय्यों के एक बड़े झुंड ने खेत में काम कर रहे पति-पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में 64 वर्षीय बुजुर्ग खीम सिंह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे 66 वर्षीया बिमला देवी अपने घर के पास खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले ततैय्यों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। बिमला देवी की चीख-पुकार सुनकर उनके पति खीम सिंह तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। पत्नी को बचाने के चक्कर में ततैय्यों ने खीम सिंह को भी निशाना बना लिया और बुरी तरह काट लिया।
ततैय्यों के भयंकर हमले से खीम सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। आनन-फानन में स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों पति-पत्नी को देघाट स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बिमला देवी की हालत में सुधार बताया, लेकिन खीम सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
गांव के स्थानीय निवासी जगदीश उप्रेती ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से पूरा क्षेत्र सहमा हुआ है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Select Language

Advertisement