हल्द्वानी
लालकुआं में रफ्तार का कहर: कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, बिंदुखत्ता के मनोज की मौत
लालकुआं श्मशान घाट के पास कार की टक्कर से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार मनोज कर्नाटक की मौत। परिवार में मचा कोहराम। लालकुआं में 3 दिन में 3 हादसों से आक्रोश।
लालकुआं। तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुक्तिधाम श्मशान घाट के सामने स्थित कट पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिंदुखत्ता निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार कर्नाटक की मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार राजीव नगर प्रथम निवासी मनोज कुमार गुरुवार शाम अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से लालकुआं की ओर मुड़ रहे थे। इसी दौरान नगला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर, कमर और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एसटीएच हल्द्वानी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रोड स्थित राम मूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया। मृतक के पीछे उनकी पत्नी और दो मासूम बेटियां हैं, जिन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लालकुआं क्षेत्र में पिछले तीन दिनों के भीतर सड़क हादसों में तीन लोगों की जान जा चुकी है। लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और वे सड़कों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं। वहीं बेरीपड़ाव के पास भी एक अन्य वाहन दुर्घटना में स्टोन क्रेशर के चौकीदार की मौके पर ही जान चली गई।
