Report by : Paras Bisht
Published at :
child death teenager demo child body 1662816013

लालकुआं के सुभाष नगर में टुकटुक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 30 वर्षीय विक्रम सिंह चौहान की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत। परिवार में कोहराम।

लालकुआं। मुख्य हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में हुई एक दर्दनाक घटना में वार्ड नंबर 5 सुभाष नगर निवासी 30 वर्षीय युवक की टुकटुक से गिरकर मौत हो गई है। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी विक्रम सिंह चौहान (30) पुत्र नरेश सिंह चौहान मजدूरी करने के साथ अपने परिवार के साथ पशुपालन का कार्य भी संभालते थे। घटना के दिन वह शहर से टुकटुक में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन हाईवे पर वार्ड नंबर 5 के पास पहुंचा, तभी अचानक एक तेज झटका लगने से वह वाहन से छिटककर सीधे सड़क पर सिर के बल जा गिरे।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में नगर के एक स्थानीय क्लीनिक में भर्ती कराया। हालांकि, सिर पर आई गहरी चोट के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
विक्रम की अचानक हुई इस असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके एक भाई और एक बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों ने नगर के मुक्तिधाम श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया। स्थानीय निवासियों ने हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा प्रबंधों को और पुख्ता करने की मांग की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›