Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261023 WA0004 1536×864

नैनीताल के भीमताल क्षेत्र स्थित मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल के निर्माण के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से दो नेपाली मजदूरों की जान चली गई। पुलिस ने ठेकेदार पर मामला दर्ज किया है।

भीमताल। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र स्थित मेहरा गांव में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक रिहायशी इलाके में रिटेनिंग वॉल (सुरक्षात्मक दीवार) के निर्माण कार्य के दौरान अचानक ऊपर से भारी मलबा गिर गया। मलबे के नीचे दबने से निर्माण कार्य में लगे दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह घटना दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के वक्त मजदूर दीवार का बेस तैयार कर रहे थे। उसी दौरान पहाड़ी से अचानक मलबा आ गिरा और काम कर रहे तीनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम और राहत बचाव बल तुरंत मौके पर पहुंचा।
इस दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय गौरी देवी और 18 वर्षीय हरीश थापा की असमय मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल हुए तीसरे मजदूर नेत्र बहादुर उर्फ संजू को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल में भर्ती कराया गया है। तीनों ही मृतक एवं घायल श्रमिक मूल रूप से नेपाल के राजापुर के रहने वाले थे।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और सीओ भवाली अंजना नेगी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़े मकान मालिक तथा संबंधित ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›