Paras Bisht

नैनीताल-काठगोदाम हाईवे पर ज्योलीकोट के पास पटाखों से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। लगातार धमाकों से मची अफरा-तफरी, चालक ने कूदकर बचाई जान।

हल्द्वानी। नैनीताल-काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। ज्योलीकोट के पास चलते हुए पटाखों से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक के पिछले हिस्से से आग की तेज लपटें उठने लगीं और उसमें रखे पटाखे एक के बाद एक फटने लगे। सड़क पर लगातार हो रहे इन जोरदार धमाकों से आसपास के इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह ट्रक हल्द्वानी से ज्योलीकोट की तरफ जा रहा था। सफर के दौरान अचानक वाहन के पिछले हिस्से से धुआं और आग निकलने लगी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, ट्रक के अंदर लगातार फूट रहे पटाखों के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एहतियातन इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों लंबी कतारें लग गईं और लंबा जाम लग गया।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने काफी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। शुरुआती जांच में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रक में अचानक आग किन कारणों से लगी थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि पटाखों के परिवहन के लिए नियमों का पालन किया गया था या नहीं।