गरमपानी के तल्ली सेठी गांव में देर रात घर में घुसे गुलदार को बुजुर्ग महिला जयंती देवी ने समझदारी से कमरे में बंद कर दिया। वन विभाग ने किया रेस्क्यू।
नैनीताल। जिले के गरमपानी क्षेत्र से साहसिक घटना सामने आई है। तल्ली सेठी गांव में रविवार देर रात करीब दो बजे एक खूंखार गुलदार (लेपर्ड) सीधे आवासीय मकान के भीतर दाखिल हो गया। अचानक अपने सामने गुलदार को खड़ा देखकर भी घर में मौजूद बुजुर्ग महिला ने हिम्मत नहीं हारी।
गांव की निवासी जयंती देवी रविवार देर रात अपने घर में अकेली थीं, तभी अचानक गुलदार घर के अंदर आ धमका। संकट की इस घड़ी में घबराने के बजाय महिला ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण सतर्क हो गए, जिसके बाद महिला ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गुलदार को एक कमरे में धकेल कर बाहर से कुंडी लगा दी।
घर के भीतर गुलदार के कैद होने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही रेंजर मनोज भगत के नेतृत्व में वन विभाग की विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन का इस्तेमाल कर गुलदार को बेहोश किया और सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भिजवा दिया।
आबादी वाले इलाके में इस तरह गुलदार के घुसने से स्थानीय ग्रामीणों में गहरी चिंता और खौफ का माहौल बना हुआ है। हालांकि, बुजुर्ग महिला जयंती देवी के अदम्य साहस और समझदारी की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों को आबादी में आने से रोकने की मांग की है।
