हरिद्वार
हरिद्वार को मिली 3 नई ट्रेनों की सौगात, गुजरात और दिल्ली से कनेक्टिविटी होगी मजबूत
केंद्र सरकार ने हरिद्वार के लिए 3 नई रेल सेवाओं को मंजूरी दी है। बांद्रा गरीब रथ अब हरिद्वार तक आएगी, साथ ही वेरावल और ओखा के लिए नई एसी ट्रेनें चलेंगी।
हरिद्वार। उत्तराखंड में रेल नेटवर्क और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने हरिद्वार के लिए तीन नई रेल सेवाओं के संचालन को हरी झंडी दे दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इस निर्णय की आधिकारिक जानकारी दी है। इस फैसले से आगामी हरिद्वार कुंभ और चारधाम यात्रा पर आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
मंजूरी के तहत, बांद्रा टर्मिनस से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच चलने वाली प्रसिद्ध ‘गरीब रथ एक्सप्रेस’ का विस्तार अब हरिद्वार तक कर दिया गया है। यह ट्रेन हरिद्वार से सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। वहीं बांद्रा से यह ट्रेन मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को हरिद्वार के लिए रवाना होगी। इस सेवा के शुरू होने से दिल्ली और मुंबई की ओर से आने वाले यात्रियों का सफर बेहद आसान और किफायती हो जाएगा।
गुजरात और पश्चिमी भारत से जुड़ाव मजबूत करने के लिए दो नई सुपरफास्ट एसी एक्सप्रेस ट्रेनों को भी मंजूरी मिली है। पहली ट्रेन हरिद्वार से गुजरात के वेरावल के बीच चलेगी, जो हरिद्वार से बुधवार व रविवार और वेरावल से गुरुवार व सोमवार को संचालित होगी। दूसरी ट्रेन हरिद्वार से ओखा के बीच शुरू होगी, जो हरिद्वार से शुक्रवार सुबह चार बजे और ओखा से शनिवार सुबह सवा आठ बजे रवाना होगी। ये सेवाएं सोमनाथ और द्वारकाधीश जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बड़ी सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य के आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विकास में सुदृढ़ रेल सेवाओं की मुख्य भूमिका है। इस फैसले से न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों के लिए भी आवागमन के नए मार्ग खुलेंगे।




