Report by : CWN Desk
Published at :
FB IMG 1794240330598

दिहोली गांव में कुमार शिवम की पहल से शुरू हुआ आरण्यम होमस्टे। पारंपरिक मिट्टी के लेप और जैविक भोजन के साथ पर्यटकों को देता है अनोखा अनुभव।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के दिहोली गांव में स्थित ‘आरण्यम होमस्टे’ इन दिनों पर्यटकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस अनूठे होमस्टे में आने वाले मेहमानों के स्वागत और सेवा का जिम्मा किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे गांव का है। यहां मेहमानों के लिए मिलकर खाना पकाने से लेकर उन्हें स्थानीय लोक कथाएं सुनाने तक का सारा काम ग्रामीण एकजुट होकर करते हैं।
इस प्रेरणादायक पहल की शुरुआत गांव के ही एक युवा लेखक कुमार शिवम ने की थी। कोरोनाकाल के लॉकडाउन के दौरान जब शिवम अपने पैतृक गांव लौटे, तो उन्होंने पहाड़ी इलाकों से पलायन करते लोगों और खाली होते घरों को बेहद करीब से देखा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को रोजगार देने के लिए उन्होंने अपनी अच्छी-खासी नौकरी छोड़ दी और गांववालों के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट की नींव रखी।
आरण्यम होमस्टे की सबसे बड़ी खासियत इसकी पूरी तरह से पारंपरिक और प्रकृति-अनुकूल बनावट है। इसके निर्माण में सीमेंट के बजाय मिट्टी और गोबर के पारंपरिक लेप का इस्तेमाल किया गया है। सजावट के लिए किसी भी तरह की प्लास्टिक सामग्री की जगह पुरानी और बेकार पड़ी लकड़ियों का प्रयोग किया गया है। प्रकृति के करीब रखने के लिए यहां गीजर या वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाओं से दूरी रखी गई है, और पानी गर्म करने के लिए पुरानी पारंपरिक तकनीकों का उपयोग किया जाता है।
यह होमस्टे सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि स्थानीय कला और संस्कृति का एक जीवंत मंच है। यहां कलाकार अपनी पेंटिंग, किसान अपनी जैविक उपज, और हुनरबाज अपनी कला का प्रदर्शन पर्यटकों के सामने करते हैं। मेहमानों को परोसा जाने वाला भोजन भी पूरी तरह से जैविक और पारंपरिक तरीकों से तैयार किया जाता है, जो सैलानियों को पहाड़ी जीवनशैली का अनूठा अनुभव कराता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›