Report by : CWN Desk
Published at :
17 08 2023 apharan 23503927 15053309

देहरादून के सहस्रधारा रोड पर नशे के आदी बेटे ने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। भांजे पर हमले का विरोध करने पर आरोपी ने खौफनाक कदम उठाया

देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सहस्रधारा रोड स्थित चलांग कुल्हान इलाके में नशे के आदी एक युवक ने अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 62 वर्षीय मदन राणा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम नितिन राणा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
घटना सोमवार शाम करीब 7:15 बजे की है। पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय नितिन राणा नशे का आदी है और वह अपने पड़ोस में रहने वाले भांजे ऋषभ रावत से लगातार नशे के लिए पैसे मांग रहा था। जब ऋषभ ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो गुस्से में आकर नितिन ने उस पर दरांती से हमला करने का प्रयास किया। अपनी जान बचाने के लिए ऋषभ वहां से भागने लगा।
बेटे को ऐसा करते देख 62 वर्षीय मदन राणा बीच-बचाव करने के लिए आगे आए। उन्होंने अपने बेटे नितिन को डांटा और ऐसा करने से रोकने की कोशिश की। नशे की हालत में बुरी तरह से आपा खो चुके नितिन ने गुस्से में आकर अपने ही पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस गंभीर हमले में मदन राणा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को एंबुलेंस की मदद से तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे नितिन राणा को मौके से ही हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी जांच जारी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›