Paras Bisht

हल्द्वानी में प्राचीन श्री शिव सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य श्री राम बारात। 20 हजार से अधिक रामभक्तों ने लिया हिस्सा, 25 से अधिक स्थानों पर स्वागत।

हल्द्वानी। भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्राचीन श्री शिव सेवा समिति के तत्वावधान में प्रभु श्री राम जी की भव्य बारात अयोध्यापुरी से जनकपुरी यानी रामलीला मैदान तक बड़े हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। इस अलौकिक बारात में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शामिल होकर अपनी अटूट आस्था और भक्ति का परिचय दिया, जिससे पूरा शहर राममय हो गया।
बारात के दौरान देश की विभिन्न संस्कृतियों, धार्मिक परंपराओं और लोककलाओं का शानदार संगम देखने को मिला। बारात में सबसे आगे धर्म ध्वज के साथ प्रभु श्री राम की भव्य झांकी चल रही थी, जिसके पीछे चल रहे छोटे-छोटे बच्चे हाथों में ध्वज थामे जय श्री राम के जयकारे लगा रहे थे। इसके अलावा डीजे, ब्रह्मा-विष्णु-महेश की झांकी, हाथी, ऊंट बैंड, हनुमान जी की विशाल झांकी, बाबा नीम करौली जी की शेरावाली झांकी, महाकाल और केरल की सांस्कृतिक झांकी ने सभी का मन मोह लिया।
शहर में करीब 25 से अधिक स्थानों पर इस भव्य बारात का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, केसरवानी समाज, पंजाबी जन कल्याण समिति, अग्रवाल समाज, सिंधी समाज और पाल समाज के लोगों ने जगह-जगह जलपान एवं मिष्ठान का वितरण किया। बारात के जनकपुरी पहुंचने पर कन्या पक्ष की ओर से पुष्प वर्षा कर और मिठाइयां खिलाकर स्वागत किया गया, जिससे पूरे मार्ग में एक जीवंत और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संयोजक हरिमोहन अरोड़ा और समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता ने सभी रामभक्तों, सहयोगी संगठनों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के अपार उत्साह और प्रभु श्री राम के प्रति अटूट प्रेम ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया। इस भव्य आयोजन ने आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता की अनूठी मिसाल पेश की है।