Report by : CWN Desk
Published at :
orig 1 1669678445

रुद्रपुर की 46वीं वाहिनी PAC में ट्रेनिंग ले रहे 25 वर्षीय जवान विष्णु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका।

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दिवाली के त्योहार के बीच 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहे 25 वर्षीय जवान विष्णु कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह पीएसी परिसर के भीतर जवान का शव मिलने से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
मृतक जवान पिछले छह महीने से रुद्रपुर पीएसी कैंप में रहकर अपनी ट्रेनिंग पूरी कर रहा था। प्रशिक्षण के कारण वह इस बार त्योहार पर अपने घर भी नहीं जा सका था। परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ ही घंटे पहले शनिवार शाम को विष्णु की अपने पिता से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी, जिससे किसी भी तरह की परेशानी का अंदाजा नहीं लगा था।
जवान की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता हरीश राम ने मामले में गंभीर अनहोनी की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बेटे के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं, जिससे यह पूरा मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पंतनगर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कैंप में मौजूद अन्य साथी जवानों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›