Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 05fa9c34 2528 4646 844d 30746cef465f

दिवाली के बाद उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

देहरादून। दिवाली के बाद देवभूमि उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के पांच प्रमुख पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इस बदलाव से पहाड़ों में ठंड में इजाफा हो सकता है, जबकि सुबह और शाम के वक्त घाटियों में कोहरा छाने के पूरे आसार हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इन जिलों में 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है। बर्फबारी और बारिश के इस दौर से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और सर्दी का अहसास और अधिक बढ़ जाएगा।
पहाड़ी क्षेत्रों की घाटियों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने से सुबह और शाम के समय वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी यानी दृश्यता भी कम हो सकती है, इसलिए चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह गतिविधियां कुछ ही स्थानों तक सीमित रहेंगी।
प्रदेश के मैदानी जिलों जैसे देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। फिलहाल राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने अभी तक किसी भी जिले के लिए कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की है। आम जनता और पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›