Report by : CWN Desk
Published at :
63380743

धामी सरकार ने उत्तराखंड पुलिस, आबकारी और वन विभाग में 1800 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। UKSSSC को भेजा गया अधियाचन, जल्द शुरू होंगे आवेदन।

देहरादून। उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए धामी सरकार ने बड़ी खुशखबरी दी है। राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जल्द ही प्रदेश के पुलिस, आबकारी, कारागार और वन विभाग में 1,800 से भी अधिक पदों पर सीधी भर्ती शुरू होने जा रही है। इन सभी रिक्त पदों का अधियाचन उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को आधिकारिक रूप से भेज दिया गया है।
भर्ती प्रक्रिया में सबसे बड़ा हिस्सा पुलिस और अग्निशमन विभाग का है। कुल 1,529 पदों पर होने वाली भर्ती में पुलिस आरक्षी, पीएसी, आईआरबी और फायरमैन के 1,187 पद शामिल हैं। इसके अलावा उप निरीक्षक (SI) और समकक्ष स्तर के 198 पदों पर भी चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसमें नागरिक पुलिस, अभिसूचना और प्लाटून कमांडर के पद प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कारागार विभाग में बंदीरक्षकों के रिक्त पदों पर भी युवाओं को मौका मिलेगा। विभाग में पुरुष बंदीरक्षक के 117 और महिला बंदीरक्षक के 27 पदों पर बहाली की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ, आबकारी विभाग में 50 सिपाही व दो उपनिरीक्षक और वन विभाग में 171 वन आरक्षी (फॉरेस्ट गार्ड) के पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अधियाचन मिलने के बाद अब चयन आयोग (UKSSSC) जल्द ही भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी में है। जो युवा लंबे समय से उत्तराखंड पुलिस भर्ती और वन आरक्षी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, वे अपनी शारीरिक और लिखित परीक्षा की तैयारी तेज कर सकते हैं। समय पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›