उत्तराखंड एसटीएफ ने एसएससी एमटीएस परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को दिल्ली से गिरफ्तार किया। परीक्षा केंद्र का पर्यवेक्षक था आरोपी।
देहरादून। उत्तराखंड विशेष कार्य बल (STF) ने प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोहों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने फरवरी 2026 में आयोजित एसएससी (SSC) परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में वांछित चल रहे एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अंकित कुमार (पुत्र अनिल पासवान, निवासी मुगलसराय, चंदौली, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी उक्त परीक्षा केंद्र पर बतौर पर्यवेक्षक तैनात था। उसकी जिम्मेदारी केंद्र पर अभ्यर्थियों के आईडी कार्ड चेक करने और नकल जैसी गतिविधियों पर नजर रखने की थी, लेकिन आरोप है कि उसी ने परीक्षा केंद्र के कंप्यूटरों के रिमोट एक्सेस के लिए आईपी एड्रेस नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को भेजा था।
गौरतलब है कि एसएससी द्वारा आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के संबंध में कोतवाली नगर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में एसटीएफ इससे पहले गिरोह के 7 अन्य अभियुक्तों को भी सलाखों के पीछे भेज चुकी है। इसके अलावा नवंबर 2025 में हुई परीक्षाओं से जुड़े मामलों में भी यह आरोपी वांछित चल रहा था।
उत्तराखंड सरकार और पुलिस महानिदेशक के स्पष्ट निर्देशों के तहत राज्यस्तरीय और केंद्रीय परीक्षाओं में सेंध लगाने वाले ऐसे गिरोहों पर एसटीएफ की पैनी नजर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।