Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261027 WA0001

उत्तराखंड सरकार के 2026-27 के अनुपूरक बजट में आयुष्मान, डिजिटल शिक्षा, स्पोर्ट्स कॉलेज और पेंशन योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये का प्रावधान। पढ़ें मुख्य बातें।

गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट पेश किया है। इस बजट में स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, खेल, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं के लिए भारी-भरकम धनराशि का प्रावधान किया गया है। सरकार का मुख्य फोकस प्रदेश के बुनियादी ढांचे और आम जनता से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने पर है।
बजट में स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अटल आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ रुपये तथा राज्य कर्मचारियों की गोल्डन कार्ड योजना के लिए 125 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज तथा नर्सिंग कॉलेजों के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए लगभग 160 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए डिजिटल लर्निंग मद में 200 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। वहीं ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत NEET, JEE और CLAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मुफ्त कोचिंग हेतु 5 करोड़ रुपये रखे गए हैं। खेल क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए खेल विश्वविद्यालय के लिए 35 करोड़ रुपये और चंपावत स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए 10 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण 2.0 अभियान के लिए 60 करोड़ रुपये तथा भोजन माताओं के मानदेय के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना और अन्य कल्याणकारी पेंशन योजनाओं के लिए 120 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रस्तावित की गई है, जिससे राज्य के जरूरतमंद वर्गों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›