CWN Desk

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का शुभारंभ किया. जानें पूरी खबर।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर भव्य शुभारंभ किया. शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर शुरू हुए इस नौ दिवसीय मेले में सांस्कृतिक झांकियों और विकास प्रदर्शनियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया. मुख्यमंत्री ने मां कुंजापुरी के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान अमर शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक आस्था और गौरवशाली परंपराओं को जीवंत रखते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का तेजी से विकास हो रहा है। सरकार केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों का सौंदर्यीकरण कर रही है। इसके साथ ही पलायन रोकने और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने के प्रयास तेज किए गए हैं।
सरकार की विभिन्न योजनाओं से स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार मिल रहा है, जिससे रिवर्स पलायन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। टिहरी झील के चारों ओर पर्यटन और साहसिक गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। नरेंद्रनगर क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी कई बुनियादी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
यह स्वर्ण जयंती मेला 19 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. प्रसिद्ध लोक कलाकारों और गायकों के कार्यक्रम इस मेले का मुख्य आकर्षण होंगे. स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों में इस ऐतिहासिक मेले को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।