Report by : CWN Desk
Published at :
122d711ea7d863e065c3e57aa9d61b6e original

ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में NH-74 पर भीषण सड़क हादसा। करवाचौथ से एक दिन पहले अज्ञात वाहन की टक्कर से पति-पत्नी की मौत, चार बच्चे हुए अनाथ।

ऊधम सिंह नगर। जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक खबर सामने आई है। बाजपुर में नेशनल हाईवे-74 पर बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की जान चली गई। करवाचौथ के पावन त्योहार से ठीक एक दिन पहले घटी इस घटना से पूरा इलाका दहल उठा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कनौरा निवासी 48 वर्षीय मुन्नालाल अपनी पत्नी जोसमीन के साथ बाइक से केलाखेड़ा रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोराहा ओवरब्रिज के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यह हादसा परिवार के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुआ, क्योंकि जोसमीन अगले दिन अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखने की तैयारी कर रही थीं। त्योहार से ठीक पहले हुए इस हादसे ने चार बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया। घटना के बाद से परिजनों में चीख-पुकार मची है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर फरार अज्ञात वाहन और चालक की तलाश कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में वाहन की पहचान के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›