Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261029 WA0012

उत्तराखंड एसटीएफ ने काशीपुर में अवैध इंटरनेशनल कॉल सेंटर और डिजिटल एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया है। एक आरोपी गिरफ्तार, कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद।

काशीपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र में चल रहे एक अवैध अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर और डिजिटल एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ की साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट और दूरसंचार विभाग की संयुक्त टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर ‘NS Enterprise’ के नाम से संचालित इस संदिग्ध टेलीकॉम सेटअप पर छापा मारा।
जांच के दौरान सामने आया कि इस सेटअप के जरिए एसआईपी (SIP) कनेक्शन के माध्यम से अवैध रूप से इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस (ILD) गेटवे को बाईपास किया जा रहा था। साथ ही, ऑटोमेटेड और रोबो कॉलिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। शुरुआती तकनीकी जांच में महज 21 दिनों के भीतर 45 हजार से अधिक आउटगोइंग कॉल्स किए जाने का खुलासा हुआ है, जिसकी गंभीरता से जांच की जा रही है।
मौके से पुलिस ने कंप्यूटर सिस्टम, लिनक्स आधारित वर्चुअल मशीन, फ्रीपीबीएक्स (FreePBX) लॉगिन, जियो और एयरटेल के राउटर, सेतु वीटीईपी उपकरण और अन्य नेटवर्किंग डिवाइस बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले नईमुद्दीन नामक एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन रुद्रपुर में बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पिछले एक महीने के भीतर एसटीएफ द्वारा सिम बॉक्स और अवैध टेलीकॉम सेटअप के खिलाफ की गई यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›