Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261025 WA0031 20261025 102029

रुद्रपुर में विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने वाले इमिग्रेशन एजेंट को पुलिस ने किया गिरफ्तार। जानिए कैसे आरोपी ने ऐंठे रुपए और दस्तावेज।

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने, वीजा और वर्क परमिट बनवाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले एक इमिग्रेशन एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर उसके पिता से 20 हजार रुपये, पासपोर्ट और शैक्षणिक दस्तावेज ऐंठ लिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कार्यालय को सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सहदौरा निवासी शमशेर ने 24 अक्टूबर को कोतवाली ट्रांजिट कैंप में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि रुद्रपुर निवासी मो. अलीम ने उनके बेटे को विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में पीड़ित ने अपने बेटे की कंप्यूटर डिप्लोमा की मार्कशीट, पासपोर्ट और नगदी आरोपी को सौंप दी थी।
रुपये और शैक्षणिक दस्तावेज लेने के बावजूद आरोपी ने न तो युवक को विदेश भेजा और न ही उसके दस्तावेज वापस किए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और उत्प्रवास अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. अलीम को उसके कार्यालय ‘जेड ग्लोबल कैरियर इमिग्रेशन सर्विस’ से गिरफ्तार कर लिया।
ऊधमसिंह नगर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी भी एजेंसी को रकम देने से पहले उसकी प्रामाणिकता और पंजीकरण की जांच अवश्य करें। पुलिस ने सतर्क किया है कि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें। सही जानकारी और सतर्कता ही आपको इस तरह की ठगी से बचा सकती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›