हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अनियमितताएं मिलने पर कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल को सील कर दिया गया है।
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल को सील कर दिया है। जांच के दौरान होटल संचालन में गंभीर अनियमितताएं और आवश्यक अनुमतियों का अभाव पाए जाने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, एबीवीपी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार युवकों पर इसी त्रिशूल होटल में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने का आरोप है। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने होटल के दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की गहन जांच शुरू की थी।
संयुक्त टीम द्वारा की गई पड़ताल में सामने आया कि होटल बिना वैध अनुमति और तय मानकों के विरुद्ध संचालित हो रहा था। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से होटल को सील करने का निर्णय लिया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस इस गंभीर प्रकरण के सभी पहलुओं की बारीकी से विवेचना कर रही है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर अवैध निर्माण और संचालन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर ली गई है।