हल्द्वानी के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर भव्य गुरमत समागम और प्रभात फेरियों का कार्यक्रम तय हो गया है।
हल्द्वानी। सिखों के प्रथम गुरु साहिब श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा इस पावन अवसर पर महान गुरमत समागम का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने लंगर हॉल में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर आगामी धार्मिक कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण संगत के साथ साझा किया।
कमेटी ने बताया कि सहज पाठ साहिब की समाप्ति के साथ ही उत्सव की शुरुआत हो गई है। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 17 से 22 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः 5 बजे गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से भव्य प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी, जो काठगोदाम, रामपुर रोड, राजेंद्र नगर, कालाढूंगी रोड और गुरु नानक पुरा सहित शहर के विभिन्न गुरुद्वारों तक जाएंगी। इसके बाद 22 नवंबर को प्रातः 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा, जिसका भोग 24 नवंबर को पड़ेगा।
मुख्य आयोजनों के तहत 23 नवंबर की रात को गुरुद्वारा साहिब में महान कीर्तन दरबार सजेगा। वहीं, 24 नवंबर को रामलीला ग्राउंड में प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मुख्य महान दीवान और रात में समागम होगा। इस दौरान देश के प्रसिद्ध रागी जत्थे, जिनमें दिल्ली से बीबी प्रभलीन कौर, कैथल से भाई लखविंदर सिंह और मुक्तसर साहिब से भाई गुरप्रीत सिंह शामिल हैं, संगत को गुरबाणी कीर्तन से निहाल करेंगे।
समागम के दौरान गुरु का लंगर अटूट वितरित किया जाएगा। प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार सरदार अमरजीत सिंह आनंद और जनरल सेक्रेटरी सरदार कंवलजीत सिंह उप्पल सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करने की विनम्र अपील की है।