हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र के एक होटल में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म। एबीवीपी से जुड़े छात्र नेता धीरज बिष्ट समेत चार आरोपी गिरफ्तार।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में एबीवीपी से जुड़े छात्र नेता और एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के चुनाव लड़ चुके धीरज बिष्ट सहित चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
घटना मुखानी क्षेत्र के एक निजी होटल में हुई, जहाँ आरोपियों ने 17 वर्षीय किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, नाबालिग किशोरी घर से घूमने निकली थी लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने उसकी तलाश की, तो उसकी लोकेशन मुखानी क्षेत्र के एक होटल के बाहर मिली।
परिजनों ने जब किशोरी से पूछताछ की, तो उसने आपबीती सुनाई और आरोपियों के कुकृत्य का पर्दाफाश किया। परिजनों की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट और उसके तीन अन्य साथियों को दबोच लिया।
इस जघन्य अपराध के सामने आने के बाद हल्द्वानी में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। महिला सुरक्षा और बालिकाओं के अधिकारों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जाँच में जुटी है।