देहरादून के जामुनवाला जंगल में कूड़े के ढेर में युवती का शव मिलने से सनसनी। गले और चेहरे पर वार के निशान, पुलिस पहचान और जांच में जुटी
देहरादून। जामुनवाला क्षेत्र के जंगल में बुधवार को युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कूड़े के ढेर में सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन के नीचे शव दबा मिला। पुलिस के अनुसार युवती के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कई बार वार करने की बात सामने आई है।
एक व्यक्ति जंगल में कूड़ा डालने गया तो उसने शव देखा और ग्राम प्रधान को सूचना दी। प्रधान की खबर पर प्रेमनगर पुलिस, एसपी सिटी शेखर सुयाल और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लिया। युवती ने पीले रंग का सूट पहन रखा था। घटनास्थल पर खून के निशान न मिलने से पुलिस को शक है कि हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया।
एसओ गिरीश नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या मंगलवार रात होने का अनुमान है। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस शिनाख्त में जुटी है। जांच टीम युवती के हाथ पर बने टैटू के सहारे उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। आसपास के थानों और जिलों में भी गुमशुदा लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है।
इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच चल रही है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को सामने लाया जाएगा।