Report by : CWN Desk
Published at :
orig 1 1669678445

पंतनगर में नगला गोल गेट पास बस और बाइक की भीषण टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पंतनगर। थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नगला गोल गेट के पास एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक पर सवार दोनों व्यक्तियों की मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के मुखानी (निशांत विहार) निवासी 49 वर्षीय कुलदीप अरोड़ा और 48 वर्षीय गुलशन कुशवाहा सोमवार शाम बाइक से किच्छा से वापस हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे नगला गोल गेट के पास सेंचुरी पेपर मिल के कर्मचारियों को लेकर जा रही बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कुलदीप अरोड़ा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल गुलशन कुशवाहा को तत्काल इलाज के लिए किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर मिले पहचान पत्रों और मोबाइल फोन की मदद से मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना दी। पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›