Report by : CWN Desk
Published at :
gunshot 1630272245

नानकमत्ता के सिद्धा नवदिया गांव में पुरानी रंजिश के कारण 35 वर्षीय सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गांव में तनाव का माहौल, पुलिस जांच में जुटी।

रुद्रपुर। नानकमत्ता क्षेत्र से एक सनसनीखेज खूनी वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच उपजा विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने 35 वर्षीय सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। यह दर्दनाक घटना नानकमत्ता के ग्राम सिद्धा नवदिया में शनिवार देर रात घटी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
परिजनों के अनुसार, चार दिन पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान हमलावरों ने सतनाम के छोटे भाई कुलदीप सिंह को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी मामले में बीच-बचाव करने के लिए सतनाम सिंह आगे आए थे। आरोप है कि इसी रंजिश को मन में रखते हुए हमलावरों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।
शनिवार रात करीब दस बजे आरोपी अचानक सतनाम के घर पहुंचे और बाहर पथराव करने के साथ ही फायरिंग शुरू कर दी। उस वक्त सतनाम खेत में मूंगफली की कटी फसल देखने गए हुए थे। घर की छत से उनके बेटे प्रिंस ने जब हमलावरों का वीडियो बनाना चाहा, तो उस पर भी गोली चलाई गई, हालांकि गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया।
इसी दौरान खेत से लौट रहे सतनाम को हमलावरों ने रास्ते में घेर लिया और उनके सीने में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उन्हें सितारगंज उपचिकित्सालय ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। रविवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। परिजनों का गंभीर आरोप है कि उन्होंने पहले भी पुलिस से इस बात की शिकायत की थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण यह बड़ा हादसा हो गया। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›