Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261017 WA0036 20261017 171013

ऊधम सिंह नगर में एसओजी और दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई। मुठभेड़ के बाद 8 अवैध तमंचों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली।

ऊधम सिंह नगर। जिले में अवैध असलहों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसओजी रुद्रपुर और दिनेशपुर थाने की संयुक्त टीम ने एक रोमांचक मुठभेड़ के बाद दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से .315 बोर के सात और .32 बोर का एक देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस के अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने की फिराक में थे।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर चलाई जा रही अवैध शस्त्र विरोधी मुहिम के तहत की गई। पुलिस को 17 अक्टूबर की रात करीब दो बजे पुख्ता सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर महतोष-मकरंदपुर मार्ग से दिनेशपुर की तरफ आ रहे हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उक्त मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। जैसे ही संदिग्ध वहां पहुंचे और पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पुलिस बल पर फायरिंग कर दी और गन्ने के खेतों की तरफ भागने लगे।
आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी उत्तर प्रदेश के बदायूं से पांच हजार रुपये में तमंचे खरीदकर उत्तराखंड में आठ हजार रुपये में बेचने की योजना बना रहे थे। वे जेल में बंद रुद्रपुर के रंपुरा निवासी बंटी कोली के संपर्क में रहकर इस अवैध नेटवर्क को चला रहे थे।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान मनोज कुमार और अनमोल यादव के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मनोज कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ ट्रांजिट कैंप कोतवाली में मामले दर्ज हैं। दिनेशपुर थाने में दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस अवैध हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क और अन्य खरीदारों की तलाश में जुटी हुई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›