Report by : Sarthak Bisht
Published at :
0521 jageshwar 8435118 cover

जागेश्वर धाम मंदिर समिति के प्रबंधक पद पर भर्ती के लिए डीएम की अध्यक्षता में इंटरव्यू हुए। व्यवस्थाओं और सुविधाओं को लेकर आवेदकों से पूछे गए कई सवाल।

अल्मोड़ा। सुप्रसिद्ध जागेश्वर धाम मंदिर प्रबंधन समिति के प्रबंधक पद की नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पहली बार नया प्रयोग किया गया है। पिछले दो सालों से खाली पड़े इस पद के लिए जिला प्रशासन ने नया तरीका अपनाया है। अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बनी सीडीओ और एसडीएम की कमेटी ने प्रबंधक पद के आवेदकों के साक्षात्कार लिए।
साक्षात्कार के दौरान प्रशासनिक कमेटी ने सभी 11 आवेदकों से मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई सवाल पूछे। कमेटी ने पूछा कि धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए उनके पास क्या योजनाएं हैं। इसके अलावा मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों और पार्किंग व्यवस्था पर भी सवाल किए गए।
उल्लेखनीय है कि जागेश्वर मंदिर समिति के प्रबंधक पद की नियुक्ति राज्यपाल के माध्यम से होती है, जिसके लिए कम से कम 10 आवेदन राजभवन भेजे जाते हैं। दो साल से पद खाली रहने के कारण पूजा-अर्चना और अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। केवल प्रबंधक ही नहीं, बल्कि उपाध्यक्ष और पुजारी प्रतिनिधि का पद भी लंबे समय से रिक्त पड़ा है।
इस नए साक्षात्कार प्रयोग से उम्मीद है कि जागेश्वर धाम को जल्द ही एक कुशल और योग्य प्रबंधक मिलेगा। बेहतर प्रबंधन से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुगम दर्शन का अनुभव मिल सकेगा। प्रशासन अब इंटरव्यू प्रक्रिया की रिपोर्ट तैयार कर अंतिम फैसले के लिए उच्च स्तर पर भेजने की तैयारी कर रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›