मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में देवभूमि रजत जयंती पार्कों और 36 करोड़ से अधिक की 7 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के चन्द्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम में देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी संपन्न किया। मुख्यमंत्री ने चार जनपदों के नौ नगर निकायों में विकसित इन पार्कों को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून जनपद के लिए 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सात विकास योजनाओं की सौगात दी।
शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने आठ नए कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिन स्थानों पर पहले कचरे के ढेर हुआ करते थे, अब वहां सुव्यवस्थित पार्क बनाए गए हैं। ये पार्क बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं के लिए पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक स्थल साबित होंगे।
प्रदेश में स्वच्छता और आधारभूत ढाँचे के विकास पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन प्राप्त होना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि शहरों में कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण और पुराने कचरे के निस्तारण से लगभग 109 एकड़ भूमि को पुनः उपयोगी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने सुशासन और रोजगार के प्रति सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य में सेवाओं का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी से विकसित उत्तराखंड का सपना साकार होगा।