हरिद्वार
हरिद्वार: डांट से नाराज किशोरी ने फ्लाईओवेर से लगाई छलांग, इलाज के दौरान मौत
हरिद्वार के खड़खड़ी में पढ़ाई के लिए डांटने से नाराज 11वीं की छात्रा ने हिल बाईपास फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। अस्पताल में इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई।
हरिद्वार। एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में शनिवार रात एक 17 वर्षीय किशोरी ने Hill Bypass फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी। घटना की मुख्य वजह परिजनों द्वारा पढ़ाई को लेकर दी गई डांट बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल किशोरी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गा घाट निवासी प्रमोद की 17 वर्षीय बेटी कक्षा 11 की छात्रा थी। शनिवार रात को पढ़ाई के विषय पर उसकी बड़ी बहन ने उसे डांट दिया था। बहन की डांट से क्षुब्ध होकर किशोरी अचानक घर से निकलकर पास ही स्थित हिल बाईपास फ्लाईओवर पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी।
ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण छात्रा को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची खड़खड़ी पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल अवस्था में किशोरी को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के भरसक प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई।
खड़खड़ी चौकी प्रभारी ने बताया कि घर में किशोरी की मां और चार बहनें हैं। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और फिर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से परिवार में मातम का माहौल है।




