Report by : CWN Desk
Published at :
122d711ea7d863e065c3e57aa9d61b6e original

नैनीताल के रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर दर्दनाक सड़क हादसा। तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मारी। एक महिला की मौत, 11 लोग घायल।

नैनीताल। जिले के रामनगर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने पीछे से ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में ऑटो बेकाबू होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला का पैर कटकर अलग हो गया।
यह हादसा सोमवार देर रात उस समय हुआ जब रामनगर के खताड़ी मोहल्ले के निवासी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ऑटो में करीब 12 लोग सवार थे, जो पीरूमदारा के एक बैंक्वेट हॉल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान टांडा चिल्किया के पास तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर कई बार पलटा, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
इस भीषण हादसे में 4 बच्चों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। हादसे में रुखसाना (50) की जान चली गई, जबकि 30 वर्षीय चांदनी का पैर एड़ी के पास से कट गया। गंभीर रूप से घायल चांदनी और सिर में गहरी चोट वाले रिजवान को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं अन्य मामूली रूप से घायल 7 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
दुर्घटना के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पीरूमदारा चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार को सीज कर दिया है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›