मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। यह सभी योजनाएं सड़क, शिक्षा, सिंचाई और पशुपालन जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करेंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई अहम घोषणाएं भी कीं। उन्होंने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने का ऐलान किया। इसके साथ ही धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण और पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक बाढ़ सुरक्षा योजना को भी स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में 1300 करोड़ रुपये की लागत से विशेष पर्यटन क्षेत्र और रिंग रोड विकसित की जा रही है।
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड ने अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज की गई है। कार्यक्रम के दौरान साहित्यकार देवेन्द्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ से सम्मानित किया गया और प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के नवाचारों की सराहना की गई।
स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस भव्य महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की सरकार की यह पहल निश्चित रूप से जौनपुर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी।