Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: रानीबाग-ज्योलिकोट NH पर गहरे गड्ढे, भड़के ग्रामीणों ने की तालाबंदी

हल्द्वानी में बदहाल रानीबाग-ज्योलिकोट NH से नाराज ग्रामीणों ने अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी की। सीएम के आदेश के बावजूद हाईवे पर बने हैं जानलेवा गड्ढे।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए हैं। हालांकि, हल्द्वानी में रानीबाग से ज्योलिकोट जाने वाले मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की बदहाल स्थिति इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को हर दिन भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की खराब हालत की वजह से इस मुख्य मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वीकेंड के दौरान पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से यहां लंबा जाम लग जाता है। सड़क की खस्ताहाली से आक्रोशित होकर भाजपा नेता सचिन शाह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यालय पहुंचकर उग्र प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए अधीक्षण अभियंता के कार्यालय में तालाबंदी कर दी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता सचिन शाह ने दूरभाष पर अधीक्षण अभियंता से सीधी बात कर अपनी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि तय समय सीमा के भीतर हाईवे को पूरी तरह गड्ढा मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग नैनीताल और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिसकी बदहाली से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी परेशानी हो रही है।
स्थानीय निवासियों और प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और अधिक तेज करेंगे। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जनाक्रोश को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और एनएच प्राधिकरण पर अब सड़कों को समय पर ठीक करने का भारी दबाव बन गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›