नैनीताल में कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे बरेली के 5 दोस्तों की कार निगलाट के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई और 4 घायल हैं।
नैनीताल। जिले में कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी पांच दोस्तों की कार देर रात अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त बुधवार शाम ही स्विफ्ट डिजायर कार (UP 25 EJ 4586) से नैनीताल घूमने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की मध्य रात्रि सभी पांच दोस्त नैनीताल से बाबा नीब करौरी के कैंची धाम दर्शन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में अचानक कार बेकाबू हो गई और सीधे 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद खाई से युवकों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने नीचे झांका और तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से सूचना मिलते ही खाई की अत्यधिक गहराई को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर बुलाया। खैरना पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पहुंची एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों घायल युवकों को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए सीएचसी भवाली भेजा।
इस हादसे में कार चला रहे बरेली के ग्राम शेखपुर निवासी अनुज तिवारी (29) की मौत हो गई, जिनका शव एसडीआरएफ ने खाई से निकालकर जिला पुलिस को सौंप दिया है। वहीं, घायलों में बरेली के सनी (23), संचित, रवि और संदीप शर्मा शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों से पहाड़ी मार्गों पर रात के समय अत्यधिक सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।