Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में बंद घर मे चोरों ने किया हाथ साफ, लाखों के जेवर और नकदी उड़ाई

हल्द्वानी। महानगर के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद घर में सेंध लगाकर वहां से लाखों के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। पीड़ित द्वारा दी तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के हिमालया स्कूल निवासी तस्लीम खान का परिवार विगत तीन जुलाई को अपने मौसी के घर सितारगंज गए हुए थे। इस बीच अज्ञात चोरों ने बंद घर में सेंध लगाकर वहां से सोने के कीमती आभूषण व नगदी साफ कर ली। 13 जुलाई की रात को जब परिजन वापस आए तो मेन गेट का ताला तो ठीक था, लेकिन घर के अंदर कमरों के ताले टूटे देख वह घबरा गये। कमरों में अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी से करीब 54 हजार रुपये तथा सोने के लाखों रुपये के जेवरात गायब थे।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ नीरज भाकुनी ने बताया कि मामला दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही है। एसओ का कहना है कि जल्द घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›