नई दिल्ली
कोरोना के बढ़ते मामले: देश में सक्रिय केस 6,000 के पार, राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश
देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर डराने लगी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में सक्रिय कोरोना मामलों की संख्या 6,133 हो गई है। बीते 24 घंटों में छह और संक्रमित मरीजों की मौत के बाद कोरोना संक्रमण की गंभीरता को लेकर सरकार ने राज्यों को अलर्ट कर दिया है। मंत्रालय के मुताबिक, हाल ही में बढ़ते मामलों की वजह से केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को मॉक ड्रिल करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ऑक्सीजन, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
राज्यवार आंकड़ों के मुताबिक, केरल सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है, जहां कुल 1,950 सक्रिय केस दर्ज किए गए हैं। बीते 24 घंटों में यहां 144 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद गुजरात में 822, दिल्ली में 686, महाराष्ट्र में 595, कर्नाटक में 366, उत्तर प्रदेश में 219, तमिलनाडु में 194, राजस्थान में 132 और हरियाणा में 102 एक्टिव केस मिले हैं।
बीते 24 घंटों में हुई छह मौतों में से तीन केरल में हुई हैं। मृतकों की उम्र 51, 64 और 92 वर्ष थी, और तीनों पुरुष पहले से कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे। कर्नाटक में भी दो मरीजों की मौत हुई है। मृतकों की उम्र 51 और 78 वर्ष थी, और ये भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इसके अलावा, तमिलनाडु में 42 वर्षीय एक पुरुष की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 48 घंटों में 769 नए केस सामने आए हैं, जिससे देश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा 6,000 के पार पहुंच गया है। हालांकि, मंत्रालय के मुताबिक, अधिकांश मामले हल्के हैं और घरेलू देखभाल में ही ठीक हो रहे हैं।
मंत्रालय के अनुसार, इस साल जनवरी से अब तक कोरोना से कुल 65 मौतें हो चुकी हैं। जबकि 22 मई को देश में कुल 257 सक्रिय मरीज थे। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने राज्यों को सलाह दी है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें और आम जनता को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
