Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में व्यापारी पर पालतू कुत्ते का हमला, घायल व्यापारी ने मालिक पर दर्ज कराया मुकदमा

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यापारी उस समय घायल हो गया जब घर लौटते वक्त एक पालतू कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। व्यापारी ने कुत्ते के मालिक पर अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

ग्राम रामड़ी आनसिंह फतेहपुर निवासी व्यापारी दिनेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी दुकान बाजार की तरफ है। घटना 18 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे की है जब वह अपनी दुकान से स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। घर के पास ही अचानक किरन प्रकाश नामक व्यक्ति का पालतू कुत्ता उन पर झपट पड़ा और उन्हें बुरी तरह काट लिया। व्यापारी के मुताबिक, इस घटना के बाद किरन प्रकाश के बच्चों ने उनके साथ अभद्रता की और गाली-गलौज करते हुए गुंडों से पिटवाने की धमकी भी दी।

दिनेश चंद्र ने बताया कि कुत्ते के हमले के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश जोशी ने बताया कि व्यापारी की शिकायत के आधार पर किरन प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी पालतू कुत्तों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग मांग कर रहे हैं कि पालतू कुत्तों को खुला न छोड़ा जाए और उनके मालिकों को जिम्मेदारी के साथ उन्हें नियंत्रित करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›