देहरादून के गुरुद्वारा गोविंदनगर में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सिख समुदाय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शेर-ए-उत्तराखंड की उपाधि से सम्मानित किया।
देहरादून। गुरुद्वारा गोविंदनगर में सिख समुदाय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘शेर-ए-उत्तराखंड’ की उपाधि से सम्मानित किया। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में समुदाय के गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री को यह सम्मान दिया।
उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी और सिख समुदाय ने मंगलवार को रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारे में यह कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया। सिख समाज ने बुधवार को मुख्यमंत्री को उपाधि देने की आधिकारिक जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सेवा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन दर्शन मानवता की सेवा और सद्भाव की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाएं समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने और मानव कल्याण के लिए कार्य करने का मार्ग दिखाती हैं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने श्रद्धालुओं को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विभागीय टीम ने रोजगारपरक योजनाओं के ब्रोशर बांटकर पात्र लोगों को लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आयोग के सचिव बरकत अली, संजय रावत, दीपा, शमा, प्रतीक, कमल सिंह, प्रमोद और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



