पांच महीने बाद 15 नवंबर से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला और दुर्गादेवी जोन पर्यटकों के लिए खुल गए हैं। इसके साथ ही पार्क में नाइट स्टे की सुविधा भी शुरू हो गई है।
रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पांच महीने के लंबे इंतजार के बाद 15 नवंबर से कॉर्बेट नेशनल पार्क का प्रमुख ढिकाला और दुर्गादेवी पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए विधिवत रूप से खोल दिया गया है। इसके साथ ही पार्क के ढिकाला, बिजरानी, ढेला और झिरना पर्यटन जोन स्थित वन विश्राम गृहों में नाइट स्टे (रात्रि विश्राम) की सुविधा भी फिर से शुरू हो गई है।
पहले दिन शनिवार सुबह रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कॉर्बेट के निदेशक साकेत बडोला ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सुबह साढ़े छह बजे फीता काटा। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों के पहले दल को ढिकाला जोन के लिए रवाना किया। उद्घाटन के पहले ही दिन पर्यटकों में भारी उत्साह देखने को मिला और सुबह की पाली में तीन कैंटरों के माध्यम से लगभग 64 पर्यटक जंगल सफारी के आनंद के लिए रवाना हुए।
पार्क प्रशासन के अनुसार, अब पर्यटक ढिकाला जोन में डे कैंटर सफारी और दुर्गादेवी जोन में जिप्सी सफारी का लुत्फ उठा सकेंगे। पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले ही पार्क के सभी सफारी मार्गों की मरम्मत कर उन्हें पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया था। गौरतलब है कि मानसून सीजन के दौरान सुरक्षा कारणों से 15 जून से कॉर्बेट पार्क के इन प्रमुख जोनों और रात्रि विश्राम की सुविधा को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था।
पार्क के दोबारा खुलने से न केवल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों में खुशी की लहर है, बल्कि रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। होटल, रिसॉर्ट और जिप्सी चालकों को उम्मीद है कि इस नए पर्यटन सत्र में बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचेंगे, जिससे स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।