उत्तराखण्ड
पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर उत्तराखंड में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। कल सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
देहरादून:उत्तराखंड के राजनीतिक और सैन्य इतिहास के एक बड़े अध्याय का अंत हो गया है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी का आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घड़ी में प्रदेश सरकार ने दिवंगत नेता के सम्मान में राज्य में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है।
उत्तराखंड शासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य में 19 मई से 21 मई तक राजकीय शोक प्रभावी रहेगा। इस अवधि के दौरान प्रदेश के सभी सरकारी भवनों और कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इसके साथ ही, राजकीय शोक के इन तीन दिनों में राज्य सरकार की ओर से किसी भी प्रकार के आधिकारिक या सरकारी मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जाएगा।
शासन के आदेश में यह भी जानकारी दी गई है कि पूर्व मुख्यमंत्री का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ 20 मई को किया जाएगा। दिवंगत नेता को अंतिम विदाई देने और उनके सम्मान में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अंतिम संस्कार के दिन यानी 20 मई को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे।
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान राज्य के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया था। वे अपनी ईमानदारी और कड़क प्रशासनिक छवि के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री सहित देश और प्रदेश के तमाम बड़े राजनेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने इसे उत्तराखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
