Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर के व्यापारी और स्कूल संचालक का अपहरण, फिरौती के लिए 75 लाख की मांग

रामनगर। शहर के एक जाने-माने व्यापारी एवं स्कूल संचालक पंकज बंसल संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। सोमवार सुबह दस लाख रुपये नकद स्कूटी की डिग्गी में रखकर काशीपुर के लिए निकले पंकज की स्कूटी, हेलमेट और रुपये की खाली थैली हल्दुआ के जंगल के पास एक ढाबे के पास लावारिस हालत में मिली। इसके बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब पंकज के ही मोबाइल नंबर से उनकी पत्नी रीना बंसल को एक मैसेज भेजा गया, जिसमें उनके पति को छोड़ने के एवज में 75 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

पुलिस को दी तहरीर में रीना बंसल ने बताया कि उनके पति पंकज बंसल न केवल रामनगर में एक स्कूल का संचालन करते हैं, बल्कि शेयर मार्केट से जुड़ा काम भी करते हैं। सोमवार सुबह करीब 10:50 बजे वह स्कूटी (यूके 04 आर 6877) से काशीपुर जाने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने स्कूटी की डिग्गी में करीब 10 लाख रुपये नकद रखे थे। दोपहर 12 बजे जब रीना ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला। बाद में पता चला कि हल्दुआ के जंगल के पास एक ढाबे के पास उनकी स्कूटी खड़ी है। वहां से उनका हेलमेट और नकदी वाला थैला भी खाली हालत में बरामद हुआ।

इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। उसी दौरान रीना के फोन पर एक टैक्स्ट मैसेज आया, जिसमें उनके पति को अगवा करने और उन्हें छोड़ने के लिए 75 लाख रुपये की मांग की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काशीपुर निवासी तीन व्यापारियों—अजय अरोरा, हरविंदर सिंह और प्रदीप अग्रवाल—के खिलाफ अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सैनी ने बताया कि शुरुआती जांच में लेन-देन के विवाद की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पंकज बंसल की तलाश और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›