Report by : कालू वर्मा
Published at :
यहां तहसील दिवस में 94 शिकायतें, मात्र 18 का निस्तारण

पूर्व में हुए तहसील दिवस में आए शिकायत निस्तारण का संतोषजनक जवाब न पाए अधिकारी
तहसील दिवस में अनुपस्थित अफसरों का वेतन काटने के निर्देश

हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को लक्सर तहसील के मीटिंग हॉल में तहसील दिवस का आयोजन किया। कुल 94 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 18 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। बाकी पत्रों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपा गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होेंने ये भी निर्देश दिये कि जिस किसी भी विभाग से सम्बन्धित जो भी अनुरोध पत्र ’’तहसील दिवस’’ में प्राप्त होते हैं, उन्हें सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उसी दिन प्राप्त करना सुनिश्चित करें ताकि डाक से प्राप्त होने में जो समय व संसाधन लगते हैं, उससे बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग के अधिकारी को यह स्पष्ट जानकारी होनी चाहिये कि तहसील दिवस में उनके विभाग से सम्बन्धित कितने अनुरोध पत्र प्राप्त हुये तथा साथ ही उनके पास उनका पूरा रिकार्ड भी होना चाहिये। पूर्व तहसील दिवस में आई हुई समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में भी सम्बन्धित अधिकारियों से जानकारी ली। सन्तोषजनक जवाब न देने पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने तहसील दिवस में कुछ विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर भी नाराजगी प्रकट की तथा ऐसे अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।

ये शिकायतें सबसे अधिक आई
तहसील दिवस में आज प्राप्त होने वाली शिकायतों में विद्युत, कब्जा दिलाने, जमीन की पैमाइश, राशन कार्ड बनवाने, राशन दिलाये जाने, राजस्व से सम्बन्धित, आर्थिक सहायता दिलाये जाने, गलत बैनामा किया जाने, प्रदूषण से निजात दिलाना, पानी की निकासी आदि से सम्बन्धित प्रकरण प्राप्त हुये।

इन असफरों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पीएल शाह, एसडीएम लक्सर गोपाल राम
बिनवाल, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत
घिल्डियाल, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, समाज कल्याण अधिकारी टीआर
मलेठा, जिला खाद्यपूर्ति अधिकारी मुकेश कुमार, डीपीओ अविनाश भैदौरिया,
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुलेखा सहगल, बीडीओ खानपुर, लोक निर्माण,
विद्युत, नलकूप निगम, चकबन्दी विभाग सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण
उपस्थित रहे।

………

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›