उत्तर प्रदेश
सनसनी: 3 साल की मासूम की बलि या हत्या? सौतेली मां पर शक
गोरखपुर के बिजहरा गांव में तीन वर्षीय अदिति की नृशंस हत्या। पूजा स्थल के पास मिला शव, तंत्र-मंत्र और बलि की आशंका से ग्रामीण स्तब्ध। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजहरा गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ तीन वर्षीय मासूम बच्ची अदिति उर्फ लाडो की कुल्हाड़ी से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका का शव घर के भीतर बने पूजा स्थल के पास खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, राजमिस्त्री त्रिवेणी मौर्य ने अपनी पहली पत्नी की मृत्यु के बाद एक माह पूर्व ही पूजा नामक महिला से दूसरी शादी की थी। त्रिवेणी को उम्मीद थी कि नई पत्नी उसकी तीन साल की बेटी का ख्याल रखेगी, लेकिन शादी के महज एक महीने के भीतर ही गृहस्थी उजड़ गई। ग्रामीणों ने पूजा स्थल के पास शव मिलने और गर्दन पर कुल्हाड़ी के गहरे निशान देखकर तंत्र-मंत्र के चक्कर में ‘बलि’ दिए जाने की आशंका जताई है।
बच्ची के पिता त्रिवेणी मौर्य ने बताया कि उसकी दूसरी पत्नी पूजा मासूम अदिति को पसंद नहीं करती थी। वह अक्सर छोटी-सी बात पर बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर देती थी, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। मंगलवार की रात भी पूजा ने बच्ची को पीटा था, जिसके बाद त्रिवेणी अपने ससुराल फोन कर शिकायत कर रहा था। जब वह कमरे के अंदर गया, तो वहां का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस इस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर बलि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटनास्थल की भयावहता अंधविश्वास की ओर इशारा कर रही है। दूसरी तरफ, पूजा के मायके वालों ने भी इस कृत्य के बाद उससे रिश्ता तोड़ने की बात कही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी महिला से पूछताछ जारी है।
