उत्तर प्रदेश
खानपुर विधायक के फार्महाउस में युवती से दरिंदगी, दरोगा और सिपाही समेत 4 गिरफ्तार
अमरोहा में विधायक उमेश शर्मा के फार्महाउस पर युवती से गैंगरेप का मामला। यूपी पुलिस के दरोगा, सिपाही और CRPF के दो जवान गिरफ्तार, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड।
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा से संबंधित बताए जा रहे एक फार्महाउस पर 23 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा व सिपाही और सीआरपीएफ (CRPF) के दो जवानों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, वह बीते 21 सितंबर को अपने एक परिचित से मिलने सोनीपत पहुंची थी। आरोप है कि वहां से सीआरपीएफ का एक हेड कॉन्स्टेबल उसे अपनी गाड़ी में लेकर निकला, जिसके साथ रास्ते में एक अन्य जवान भी शामिल हो गया। ये सभी युवती को अमरोहा के झुलपुरी स्थित फार्महाउस पर ले आए। वहां हसनपुर थाने का दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद भी पहुंच गए, जहां चारों ने शराब पीने के बाद युवती के साथ जबरदस्ती करते हुए सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली और गूगल के जरिए अमरोहा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का नंबर निकालकर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित निकालकर वन स्टॉप सेंटर भेजा। पुलिस अधिकारियों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी दरोगा और सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है तथा चारों आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिस फार्महाउस में यह घिनौनी वारदात हुई, उसका संबंध उत्तराखंड की खानपुर सीट से विधायक उमेश शर्मा से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि फार्महाउस के स्वामित्व और इसमें विधायक की किसी भी तरह की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल पीड़िता के मेडिकल परीक्षण, न्यायालय में दर्ज बयानों और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
