Paras Bisht

लालकुआं और गूलरभोज स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जीआरपी और आरपीएफ पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी है।

हल्द्वानी। लालकुआं और गूलरभोज रेलवे स्टेशनों के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रेलवे ट्रैक पार करते समय एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी सबसे पहले गूलरभोज स्टेशन मास्टर ने व्हाट्सएप के जरिए पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि सिडकुल हाल्ट और गूलरभोज रेलवे स्टेशन के मध्य रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस हल्द्वानी और जीआरपी लालकुआं की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस टीम ने आरपीएफ के साथ मिलकर मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायल व्यक्ति को राजकीय सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल सिविल पुलिस के कार्यक्षेत्र में आने के कारण अब मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई टीपी नगर चौकी पुलिस कर रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।