CWN Desk

उत्तराखंड के चम्पावत निवासी 20 वर्षीय राहुल नरियाल ने 40 हजार रुपये में सोलर वाहन तैयार किया। जानिए 150 किमी माइलेज देने वाले इस वाहन की पूरी कहानी।

चम्पावत। जिले के मादली गांव निवासी 20 वर्षीय राहुल नरियाल ने अपनी मेहनत और तकनीकी सोच से एक नई मिसाल कायम की है। चंडीगढ़ में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे राहुल ने महज 40 हजार रुपये की लागत से एक शानदार सोलर वाहन तैयार किया है। करीब एक महीने की कड़ी मेहनत के बाद बना यह वाहन पूरी तरह से सौर ऊर्जा पर चलता है।
पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों और वैकल्पिक ऊर्जा की जरूरत को देखते हुए राहुल ने इस प्रोजेक्ट पर काम करना शुरू किया। उन्होंने अपने व्यक्तिगत खर्च और जेब खर्च से पैसे बचाकर इस वाहन के लिए जरूरी उपकरण और सोलर प्लेट्स जुटाए। धूप न होने या मौसम खराब रहने पर इस वाहन की बैटरियों को सामान्य बिजली के सॉकेट से भी आसानी से चार्ज किया जा सकता है।
राहुल का दावा है कि उनका यह सोलर वाहन 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। वाहन में लगाई गई दो बैटरियों की मदद से यह एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 150 किलोमीटर की दूरी तय कर लेता है। राहुल खुद कॉलेज आने-जाने के लिए इसी सोलर वाहन का इस्तेमाल कर रहे हैं और अब तक 90 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुके हैं।
इलेक्ट्रिकल पार्ट्स को समझना राहुल के लिए आसान था, लेकिन मैकेनिकल ढांचा तैयार करना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती रहा। इस काम में उनके कॉलेज सीनियर ने तकनीकी मार्गदर्शन किया। शुरुआत में राहुल के इस प्रयोग को परिवार और दोस्तों ने गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन जब वाहन सड़क पर दौड़ा तो हर कोई हैरान रह गया। राहुल का अगला सपना 5 सीटर सोलर कार बनाने का है।