Connect with us

देहरादून

देहरादून में मेडिकल लापरवाही: निशा नर्सिंग होम पर आरोप, मां और नवजात की मौत के बाद हंगामा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के निशा नर्सिंग होम पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। जच्चा-बच्चा की मौत से गुस्साए परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने सीएमओ दफ्तर का घेराव किया।

देहरादून। राजधानी देहरादून के अनुराग चौक स्थित निशा नर्सिंग होम के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन की कथित अनदेखी के कारण एक गर्भवती महिला और उसके नवजात बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना से गुस्साए पीड़ित परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय का जोरदार घेराव कर प्रदर्शन किया।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस युवा नेता आकाश गौड़ और फारूक राव की अगुवाई में भारी संख्या में प्रदर्शनकारी सीएमओ दफ्तर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि इंदिरा पुरम एमडीडीए कॉलोनी के रहने वाले सतेंद्र बिष्ट की पत्नी निकिता मीणा गर्भवती थीं। उनका नियमित उपचार पहले दून अस्पताल में चल रहा था, लेकिन 29 मई की रात अचानक प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें नजदीकी निशा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने सब कुछ सामान्य होने की बात कही थी, लेकिन देर रात ढाई बजे अचानक ऑपरेशन करने का दबाव बनाया। पति सतेंद्र ने डॉक्टरों से कहा कि यदि अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं तो मरीज को तुरंत रेफर कर दिया जाए, मगर डॉक्टरों ने उनकी बात अनसुनी कर दी। ऑपरेशन के बाद निकिता ने एक मृत बच्ची को जन्म दिया।
अगले दिन सुबह जब परिजन खून की व्यवस्था करके अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने निकिता की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें सिनर्जी अस्पताल भेज दिया। सिनर्जी अस्पताल के डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि निकिता के शरीर में संक्रमण (इंफेक्शन) बुरी तरह फैल चुका था, जिससे उनका लिवर और किडनी खराब हो गए थे। इलाज के दौरान डायलिसिस की नौबत आने के बीच आखिरकार निकिता ने भी दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद से डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान गौरव तोमर, मान नेगी, संदीप कुकरेती सहित कई लोग मौजूद रहे।

Select Language

Advertisement