Report by : CWN Desk
Published at :
मारपीट के मामले में चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

रामनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने गिरिजा पुलिस चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह नेगी को एक जिप्सी चालक से मारपीट के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया है। रविवार को जिप्सी चालक आसिफ ने आरोप लगाया कि वह सीतावनी पर्यटन जोन से पर्यटकों को सफारी कराकर लौट रहा था। जब वह ढिकुली के पास पहुंचा तो पर्यटकों के कहने पर उसने गाड़ी रोक दी और सभी पर्यटक नीचे उतर गए, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

इसी दौरान गिरिजा पुलिस चौकी इंचार्ज नेगी ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया।

कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित चालक ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›