Report by : CWN Desk
Published at :
अक्षय तृतीया आज, पूजा का मुहूर्त सुबह पांच बजकर 48 मिनट से दोपहर 12 बजकर 23 मिनट तक रहेगा


सोना-चांदी के आभूषण, घर, भूखंड, वाहन आदि की खरीदारी व अनुष्ठान होगा शुभ
हल्द्वानी।
बैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की तृतीय यानी अक्षय तृतीया आज मनाई जाएगी। सुबह चार बजकर 17 मिनट पर तृतीया तिथि शुरू होगी। मां लक्ष्मी व भगवान विष्णु की पूजा का मुहूर्त सुबह पांच बजकर 48 मिनट से दोपहर 12 बजकर 23 मिनट तक रहेगा।
मांगलिक कार्य, गृह प्रवेश, सोना-चांदी के आभूषण, घर, भूखंड, वाहन आदि की खरीदारी व अनुष्ठान के लिए यह दिन शुभ माना जाता है। ऐसे में सर्राफा बाजार भी पूरी तरह तैयार है। ज्वेलर्स ने हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए ज्वेलरी तैयार की है।
अक्षय तृतीया मां लक्ष्मी के अवतरण दिवस के रूप में मनाई जाती है। आचार्य डा. सुशांत राज के अनुसार, पौराणिक ग्रंथों के अनुसार इस दिन जो भी शुभ कार्य किए जाते हैं, उनका अक्षय फल मिलता है। इसी कारण इसे अक्षय तृतीया कहा जाता है।
इस दिन बिना पंचांग देखे कोई भी शुभ व मांगलिक कार्य जैसे विवाह, गृह-प्रवेश, वस्त्र-आभूषणों की खरीदारी या घर, भूखंड, वाहन आदि की खरीदारी से संबंधित कार्य किए जा सकते हैं। नवीन वस्त्र, आभूषण आदि धारण करने व नई संस्था, समाज की स्थापना व उद्घाटन का कार्य श्रेष्ठ माना जाता है। गंगा स्नान करने व भगवद पूजन से समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं।
इस तरह करें पूजा
• सुबह स्नान के बाद घर की सफाई कर स्वच्छ स्थान पर भगवान विष्णु व मां लक्ष्मी की मूर्ति स्थापित करें।
• उनके पहले गंगाजल मिले जल व दूध, दही, घी, शहद व चीनी से बचने पंचामृत से स्नान कराएं।
• भगवान विष्णु व मां लक्ष्मी को चंदन व इत्र लगाएं।
• तुलसी दल व पुष्पित करें, गुड़, चने, सत्तू व मिश्री का भोग लगाएं।
• अंत में भगवान विष्णु की आरती करें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›