Connect with us

हल्द्वानी

एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी छात्रसंघ चुनाव: पुलिस अलर्ट, रूट डायवर्जन लागू

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव हेतु वोटिंग होगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के साथ सुबह 6 बजे से रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज (हल्द्वानी) में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूरी तरह सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं ग्राउंड ज़ीरो पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। नामांकनों के दौरान सामने आई झड़प और हंगामे को देखते हुए इस बार पुलिस प्रशासन सख्त मोड में नजर आ रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए कॉलेज परिसर से लेकर आसपास के संवेदनशील इलाकों और चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने या छात्रों को डराने-धमकाने का प्रयास करने वाले बाहरी और अराजक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। कॉलेज के आसपास ड्रोन कैमरों, मोबाइल गश्त टीमों और सोशल मीडिया निगरानी के जरिए हर गतिविधि पर नज़र रखी जा रही है।
चुनाव की सुरक्षा के लिए 6 जीओ, 9 इंस्पेक्टर, 10 एसओ/एसएसआई, 37 एसआई, 16 एलएसआई, 77 कांस्टेबल और 34 महिला कांस्टेबल सहित पीएसी, आईआरबी की टुकड़ियां, आंसू गैस टीम और ऐंटी-रायट टीमें तैनात की गई हैं। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस बल को ब्रीफिंग देते हुए लिंगदोह समिति के मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। ब्रीफिंग के बाद पुलिस बल ने शहर और कॉलेज के आसपास के इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला।
मतदान और मतगणना के दिन शहर में सुगम आवाजाही बनाए रखने के लिए 29 सितंबर को सुबह 6 बजे से विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। नैनीताल रोड के प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी और कमर्शियल वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। बरेली और रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा से डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।

Select Language

Advertisement