हल्द्वानी
कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत का रामनगर में सड़कों का औचक निरीक्षण, सख्त निर्देश
कुमाऊँ मंडलायुक्त दीपक रावत ने रामनगर में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने के कड़े निर्देश दिए।
हल्द्वानी। कुमाऊँ मंडलायुक्त दीपक रावत ने सोमवार को रामनगर क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने रामनगर-हल्द्वानी नए पुल से लेकर शहीद भगत सिंह चौक होते हुए नगर पालिका क्षेत्र तक की सड़कों की स्थिति परखी। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, सड़क की गुणवत्ता और किनारे जल निकासी की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से लोक निर्माण विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार राज्य में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाना प्राथमिकता है। इसके लिए आगामी 15 अक्टूबर तक क्षेत्र की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण व मरम्मत कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने चेतावनी दी कि सड़क पर कहीं भी गड्ढे या आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली स्थिति नहीं मिलनी चाहिए। संबंधित विभाग नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत पैचवर्क सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा आम जनता की जान-माल से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही, शिथिलता या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने की सलाह दी। मंडलायुक्त ने तय समयसीमा के भीतर ही काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
